Categories

Recent Posts

November 4, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने की रामनवमी विसर्जन जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था संबंधित समीक्षा बैठक

सजग, सतर्क एवं संवेदनशील होकर तथा परिस्थितिजन्य त्वरित निर्णय लें अधिकारी… श्री अनन्य मित्तल, जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त

विसर्जन जुलूस रूट में विचलन नहीं हो, सभी थाना प्रभारी रूट का करें भौतिक सत्यापन… श्री किशोर कौशल, वरीय पुलिस अधीक्षक

समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री किशोर कौशल ने प्रशासनिक तथा पुलिस के पदाधिकारियों के साथ रामनवमी विसर्जन जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित समीक्षा बैठक की । बैठक में पर्व त्योहार के दौरान विधि व्यवस्था की किसी प्रकार की समस्या न हो, शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन जुलूस सम्पन्न कराने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

जुलूस रूट में रहेगी पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी व ड्रोन से होगी जुलूस की निगरानी

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से विसर्जन का जुलूस संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जुलूस मार्ग में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रहे, बिजली कटने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जेनरेटर से स्ट्रीट लाईट को जोड़ें, खराब पड़े हाईमास्ट लाईट को दुरूस्त करा लें, हैलोजन की व्यवस्था रखें, जुलूस मार्ग में पड़ने वाले पेड़ों की टहनी की छटनी करा दें । घाटों पर सुरक्षा इंतजामों के मद्देनजर ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर जिससे समुचित निगरानी की जा सके, माइक सिस्टम, नदी घाटों की समुचित साफ-सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की ससमय बहाली का निर्देश नगर निकाय एवं जुस्को प्रबंधन को दिया गया । एंबुलेंस, गोताखोर, फायर ब्रिगेड, स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति पहचान पत्र के साथ, घाटों की बेरिकेडिंग के निर्देश दिए ।

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी अधिकारियों के वाहनों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सभी संबंधित थाना एवं अनुमंडल पदाधकारी को जुलूस हेतु सशर्त लाइसेंस देने, डीजे संचालकों से अश्लील एवं धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले गीत नहीं बजाने का एफिडेविट लेने का निर्देश दिए । सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियों एवं व्यवस्था में लगने वाले समय, सामग्री, मानवबल का विवेकपूर्ण उपयोग करने संबंधी पूर्व तैयारी कर लेने का निर्देश दिया गया । उन्होने कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है, ऐसे में सभी दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कहीं भी एम.सी.सी का उल्लंघन नहीं हो।

सुरक्षा की रहेगी पुख्ता व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में रामनवमी पर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। जुलूस मार्ग में किसी भी लाइसेंसधारी को विचलन की अनुमति नहीं होगी। सभी थाना प्रभारी एवं डीएसपी को जुलूस मार्ग के भौतिक सत्यापन किए जाने का निदेश दिया गया। इसके अलावा आवश्यकता अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी-ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। सभी अलर्ट रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगें । किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या घटना पर तुरंत अपने वरीय पदाधिकारी के साथ कंट्रोल रूम को सूचित करेंगें। सभी थाना प्रभारी अपने सूत्रों को सक्रिय रखेंगें । सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष निगरानी रखें, धार्मिक एवं सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने वाले तथा अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करें ।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार, सिटी एसपी श्री मुकेश लुणायत. रूरल एसपी श्री ऋषभ गर्ग, पीडी आईडीटीए श्री दीपांकर चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी, नगर निकायों के पदाधिकारी, एसडीएम धालभूम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सीओ मानगो, बीडीओ एवं सीओ पोटका, बीडीओ जमशेदपुर, सभी डीएसपी, शहरी क्षेत्र के थाना प्रभारी, जुस्को के प्रतिनिधि व अन्य संबंधित उपस्थित थे।

About Author