Categories

October 27, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

सीएम हेमंत सोरेन ने की उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, विश्वविद्यालयों की रिक्तियां भरने का निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसके तहत राज्य के विश्वविद्यालयों में खाली पदों को भरने, पीपीपी (PPP) मोड पर हॉस्टलों का संचालन करने और डिजिटल माध्यम से लाइव ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने जैसे कई कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

माइनिंग से माइंड बेस्ड पहचान की ओर झारखंड: सीएम

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया कि राज्य को अब सिर्फ ‘माइनिंग’ (खनन) के रूप में नहीं, बल्कि ‘माइंड बेस्ड’ (बौद्धिक) पहचान की ओर ले जाना होगा। इसके लिए उच्च और तकनीकी शिक्षा को हर हाल में सुदृढ़ करना जरूरी है। सीएम ने विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए आवश्यक पदों की स्वीकृति देने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, राज्य भर के छात्रावासों की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन कर उन्हें पीपीपी मोड पर चलाने की संभावनाओं पर काम करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि आगामी 15 दिनों के भीतर ‘झारखंड विश्वविद्यालय सेवा आयोग’ को पूरी तरह से सक्रिय और प्रभावी बनाया जाए। इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राज्य के विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए लाइव ऑनलाइन क्लास के जरिए शिक्षा देने की एक विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पहले चरण में इसकी शुरुआत झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय और बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU), धनबाद से की जाएगी। सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार भी उपस्थित थे।

कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी और बीआइटी सिंदरी को विश्वविद्यालय का दर्जा

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर ‘कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी’ को पूरी तरह से क्रियाशील करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, बीआइटी (BIT) सिंदरी को एक यूनिटरी विश्वविद्यालय के रूप में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए जल्द ही बीआइटी सिंदरी को विश्वविद्यालय का दर्जा देने से संबंधित विधेयक विधानसभा में लाया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों के लिए बहुत जल्द झारखंड में एक ‘रोबोटिक्स फेस्टिवल’ की शुरुआत की जाएगी।

तकनीकी शिक्षा क्लस्टर होगा तैयार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के चुनिंदा जिलों में तकनीकी शिक्षा क्लस्टर (Technical Education Cluster) विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत झारखंड के 9 प्रमुख जिलों— पलामू, गिरिडीह, रामगढ़, गुमला, रांची, जमशेदपुर, बोकारो, गोड्डा और साहिबगंज में तकनीकी शिक्षा क्लस्टर विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिसे जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा।

सीएम ने राज्य के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों को ‘झारखंड इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ के रूप में अपग्रेड करने तथा सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों को बीआइटी सिंदरी की तर्ज पर आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, इन संस्थानों में एनआइटी (NIT) और आइआइटी (IIT) की तर्ज पर इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स एंड शिपिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) तथा सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को शुरू करने की बात कही है।

About Author

Leave a Reply