Categories

October 28, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय सिजुलता के तीन खिलाड़ियों ने दिखाया दम

सरायकेला/राजनगर
06 सितंबर, 2026, रविवार (भाग्य सागर):

सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत राजनगर प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, सिजुलता के तीन होनहार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर विद्यालय सहित जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के फुलचांद उगुरसंडी, अमन हेम्ब्रम और शहील हेम्ब्रम ने असम के डिब्रूगढ़ में आयोजित नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

अंडर-14 वर्ग में फुलचांद उगुरसंडी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मुकाबले में एक गोल दाग कर अपनी टीम को फाइनल में जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। फुलचांद इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2024 में चतरा और वर्ष 2025 में दुमका में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया था।

विद्यालय के अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी अमन हेम्ब्रम और अंडर-19 वर्ग के शहील हेम्ब्रम ने भी डिब्रूगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लिया, हालांकि दोनों खिलाड़ियों की टीमें फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। अमन और शहील इससे पहले प्रतिष्ठित सुब्रतो कप के लिए भी चयनित हो चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों ने वर्ष 2023 में पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर, वर्ष 2024 में चतरा तथा वर्ष 2025 में दुमका में आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने फुटबॉल के अलावा छात्र रास बाबू मछुआ ने योग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने पंजाब के होशियारपुर में आयोजित राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रविन्द्र राम ने कहा कि विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयन होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर विद्यालय के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों को निरन्तर प्रोत्साहित किया जाता है। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय परिवार हरसंभव सहयोग करता रहेगा।

About Author

Leave a Reply