Categories

October 27, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

CHOWKA : खूंटी में नरसिंह इस्पात कंपनी पर मारपीट का आरोप, जमीन विवाद के बाद बुजुर्ग घायल; ग्रामीणों ने बुलाई निर्णायक बैठक…

       बिष्णुपद महापात्र 📲 9471102055 (wa)

पीड़ित पक्ष ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए, कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं; मामले में ग्रामीणों की बैठक के बाद आगे की रणनीति तय होगी।

सरायकेला-खरसवां (सूर्योदय संवाद) 15 जुलाई 2026 : जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चौका-कांड्रा मार्ग स्थित खूंटी पहाड़धार में संचालित नरसिंह इस्पात कंपनी के प्रबंधन पर एक ग्रामीण के साथ कथित मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। घटना मंगलवार की बताई जा रही है। हालांकि, इस मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खूंटी गांव निवासी अतुल महतो का कंपनी की बाउंड्री के बाहर स्थित अपनी जमीन को लेकर कंपनी प्रबंधन के कुछ प्रतिनिधियों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ने के बाद कथित रूप से धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, जिसमें अतुल महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायल अतुल महतो को तत्काल चौलीबासा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पीड़ित और उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि कंपनी प्रबंधन के लोगों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।

इधर, स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस मामले को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता तरुण महतो ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने ग्रामीणों से बुधवार दोपहर 1 बजे कंपनी के समीप एक बैठक में शामिल होने का आह्वान किया है। बताया जा रहा है कि बैठक में ग्रामीण आगे की कानूनी एवं लोकतांत्रिक कार्रवाई को लेकर सामूहिक निर्णय लेंगे।

फिलहाल क्षेत्र में किसी प्रकार के तनाव या अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है और कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

गौरतलब है कि समाचार प्रकाशित किए जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। कंपनी का पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

(नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष एवं स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। मामले की आधिकारिक जांच एवं कंपनी प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद तथ्यों में आवश्यक अद्यतन किया जाएगा।)

About Author

Leave a Reply