JHARKHAND : सरायकेला-खरसावां में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मिली नई गति, उपायुक्त ने एलईडी जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी…

बिष्णु पद महापात्र 📳 9471102055(wa )
हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ, जिले के सभी नौ प्रखंडों में पहुंचेगा जागरूकता रथ; बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का दिया जाएगा संदेशसरायकेला-खरसावां, ( 14 जुलाई ) : ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के प्रभावी प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने संयुक्त रूप से एलईडी जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को लिंग भेद, कन्या भ्रूण हत्या, बालिकाओं के प्रति भेदभाव तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संकल्प दिलाया। साथ ही बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर बेटियों के समान अधिकार और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि यदि कहीं भ्रूण लिंग जांच अथवा पीसीपीएनडीटी अधिनियम के उल्लंघन जैसी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक और समानतामूलक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाया जा सकता है।
प्रशासन के अनुसार एलईडी जागरूकता रथ जिले के सभी नौ प्रखंडों में एक-एक दिन भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से एलईडी स्क्रीन पर जागरूकता संदेश, लघु फिल्में एवं सूचना सामग्री प्रदर्शित कर आमजन को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या निषेध, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे एलईडी जागरूकता रथ के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा हस्ताक्षर अभियान से जुड़कर बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी गोपी उरांव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सीडीपीओ सुरुचि प्रसाद, महिला पर्यवेक्षिका सविता सिन्हा, महिला पर्यवेक्षिका नेहा कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
( स्रोत: जिला जनसंपर्क कार्यालय, सरायकेला-खरसावां द्वारा 14 जुलाई को जारी प्रेस विज्ञप्ति )
