Seraikella : जिला स्तरीय परामर्श समिति की बैठक संपन्न, उपायुक्त ने ऋण वितरण व बैंकिंग सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश..

. बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 ( wa )
Seraikella : जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्श समिति (DLCC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं बैंकिंग संस्थानों द्वारा संचालित हितग्राही-उन्मुख योजनाओं, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन तथा बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों के ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया उसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण की जाए, ताकि वे समय पर व्यवसाय प्रारम्भ कर सकें और प्रथम किस्त का भुगतान भी समय पर कर सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक पेंडेंसी, विलंब या बिना कारण निरस्तीकरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को लाभुकों के आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने, अस्वीकृत मामलों में स्पष्ट कारण दर्ज करने तथा बैंक में आने वाले नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक एवं उत्तरदायी व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बैंकिंग सेवाओं के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो।
उपायुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। साथ ही, जिले के प्रमुख बाजारों एवं अधिक फुटफॉल वाले क्षेत्रों में ATM सुविधाओं को सुदृढ़ करने, बंद ATM को पुनः चालू कराने तथा ग्रामीण एवं नवसृजित क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार हेतु BC पॉइंट की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में PMFME, कृषि एवं पशुपालन आधारित उद्यमिता, रोजगार एवं स्व-रोजगार योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि इच्छुक लाभुकों—विशेषकर महिला समूहों एवं दीदियों—को योजनाओं से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि जिले में आजीविका उन्नयन के लक्ष्य हासिल किए जा सकें। उन्होंने बैंक शाखाओं को विभागीय समन्वय मजबूत करते हुए योजनाओं के प्रचार-प्रसार, लाभुकों के साथ संवाद तथा प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक के अंत में उपायुक्त द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना के तहत तीन दिवंगत व्यक्तियों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, भारतीय रिज़र्व बैंक के राज्यस्तरीय पदाधिकारी, LDM वरुण चौधरी, DDM नाबार्ड, GMDIC, जिला कृषि एवं पशुपालन पदाधिकारी, DPM–JSLPS सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।।
#DistrictDevelopment #FinancialInclusion #DLCCMeeting #SeraikelaKharsawan #LoanDistribution #BankingServices #KCC #PMFME #WomenEmpowerment #SelfEmployment #LivelihoodPromotion #RuralDevelopment #ATMServices #BCPoints #GovernmentSchemes #GoodGovernance #JSLPS #NABARD #RBI #AdministrationInAction
